श्याम लाल पाल बोले- सरकार के इशारे पर हुई बर्बरता:सपा विधायक अतुल प्रधान के घर पहुंचकर दिग्विजय-मोहित से की मुलाकात, हर सहयोग का भरोसा


समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सपा नेता डा. दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार को लेकर सीधे योगी सरकार पर हमला बोला। शुक्रवार शाम विधायक अतुल प्रधान के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों कार्यकर्ताओं से करीब आधा घंटे तक बातचीत की। दिग्विजय भाटी ने कथित पुलिस बर्बरता की एक-एक घटना बताई तो प्रदेश अध्यक्ष भी सन्न रह गए। उन्होंने साफ कहा कि सरकार के इशारे के बिना पुलिस ऐसा दुस्साहस नहीं कर सकती। श्याम लाल पाल शाम करीब साढ़े छह बजे अतुल प्रधान के आवास पर पहुंचे। विधायक अतुल प्रधान और उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान ने प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दिग्विजय ने बताया कि उन्हें जमीन पर गिराकर बूटों से पीटा गया। लात-घूंसों के साथ कोहनियां मारी गईं। आरोप है कि इसके बाद सिविल लाइन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को बुलाया गया, जिसने आते ही दोनों कानों पर घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। दिग्विजय ने कहा- गुहार पर भी नहीं पसीजा दिल
दिग्विजय ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि आंख पर जूते की ठोकर लगने से उनकी दृष्टि करीब 70 प्रतिशत तक प्रभावित हुई है, जबकि कानों पर घूंसे मारे जाने के बाद सुनाई देना कम हो गया है। उनका आरोप था कि उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर जिंदगी की गुहार लगाई, वरना उन्हें डर था कि एसएसपी अविनाश पांडेय उन्हें गोली लगवाकर एनकाउंटर करा देते। प्रदेश सरकार को मांगनी चाहिए माफी
पूरे घटनाक्रम को सुनने के बाद श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस का इस तरह बर्बर हो जाना सामान्य घटना नहीं है। बिना सरकार के इशारे के ऐसा व्यवहार संभव ही नहीं है। इसके लिए सीधे प्रदेश की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे रिपोर्ट
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह पूरे मामले की रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को देंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को सदन में उठाकर योगी सरकार को बेनकाब किया जाएगा। पाल ने संकेत दिया कि पार्टी इस मामले को केवल स्थानीय घटना मानकर चुप बैठने वाली नहीं है। सड़क से सदन तक लड़ाई के संकेत
सपा प्रदेश अध्यक्ष के तेवरों से साफ है कि दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ कथित पुलिस बर्बरता का मामला अब मेरठ तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी इसे प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़े राजनीतिक मुद्दे के रूप में उठाने की तैयारी में है। विधायक अतुल प्रधान के आवास पर हुई इस मुलाकात के बाद सपा ने साफ संकेत दिया कि पुलिस कार्रवाई पर जवाबदेही तय कराने के लिए सड़क से सदन तक सरकार को घेरा जाएगा। अतुल पहले ही सदन में मामले को उठाने का ऐलान कर चुके हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *