![]()
हरदोई में जहरीले सांप के काटने से एक एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर हो गई है। उन्हें बचाने के लिए दोस्तों ने 400 थपकियां दीं और डॉक्टरों ने 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के उच्च संस्थान में रेफर कर दिया है। बुधवार की आधी रात के बाद 2 बजे एंबुलेंस चालक को सांप ने काटा था और गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे उनको मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया। फर्रुखाबाद के बीरपुर के रहने वाले ओवेंद्र (35) हरपालपुर सीएचसी में एंबुलेंस चालक हैं। बुधवार की रात करीब 2 बजे जब वह अपने क्वार्टर में सो रहे थे, तब एक जहरीले सांप ने उनके बाएं हाथ की उंगली में डस लिया। सांप के काटने के बाद ओवेंद्र ने तुरंत अपने सहकर्मी प्रदीप को जगाया। प्रदीप उन्हें तत्काल सीएचसी इमरजेंसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद ओवेंद्र अपने क्वार्टर लौट आए थे। गुरुवार सुबह ओवेंद्र को अचानक चक्कर आने लगे, उल्टियां हुईं और सांस लेने में भारी तकलीफ महसूस हुई। हालत बिगड़ती देख सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में ईएमओ डॉ. शेर सिंह और डॉ. रूपेंद्र सिंह की निगरानी में उनका इलाज शुरू हुआ। डॉक्टरों ने उन्हें लगातार जगाए रखने की सलाह दी, ताकि जहर के असर से वे कोमा में न जाएं। डॉक्टरों की सलाह पर ओवेंद्र के साथी हरिओम और प्रदीप ने उन्हें जगाए रखने के लिए बारी-बारी से उनके गाल, सीने और पीठ पर थपकियां दीं। दो घंटों के भीतर दोस्तों ने लगभग 400 थपकियां देकर उन्हें होश में रखने का प्रयास किया। इसी दौरान, मेडिकल टीम ने सांप के जहर के प्रभाव को कम करने के लिए 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए। इन तमाम प्रयासों के बावजूद, गुरुवार दोपहर 1 बजे तक ओवेंद्र की स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के उच्च संस्थान में रेफर कर दिया। ओवेंद्र के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।
Source link
युवक को जगाए रखने के लिए 400 थपकियां:हरदोई में एंबुलेंस चालक को सांप ने डसा, 30 एंटी वेनम इंजेक्शन के बाद भी हालत गंभीर