पंजाब में फतेहगढ़ साहिब जिले के जल्लां गांव के सरकारी स्कूल का बिना छत वाला लेडीज टॉयलेट दिखाता युवक। यह वीडियो 2018 का है।
सरकारी स्कूलों की हालत पर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को घेरने BJP खुद ही फंस गई जब उसके राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की ओर से पोस्ट किया गया वीडियो 8 साल पुराना निकला।
.
AAP छोड़कर BJP में गए पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने 19 अगस्त की शाम 7.34 बजे प्रदीप भंडारी नामक यूजर के अकाउंट से पोस्ट वीडियो को रीपोस्ट किया। प्रदीप भंडारी ने ये वीडियो हरभजन के रीपोस्ट करने से सिर्फ एक मिनट पहले, 7.33 बजे पोस्ट किया था। उनके इस वीडियो में दावा किया गया कि पंजाब के सरकारी स्कूल में खुले लेडीज टॉयलेट हैं। टीचर नहीं हैं और बेंच टूटे हैं। केजरीवाल का यही एजुकेशन मॉडल है, जिसमें युवा और Zen-G परेशान हो रहे हैं।
हरभजन ने भंडारी के वीडियो को रीपोस्ट करते हुए लिखा- भाई साहब, इतना सच मत बोलो। नहीं तो पेड ट्रोलर्स इसे भी राजस्थान का वीडियो बता देंगे।
इसके बाद पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस सामने आए और कहा- फतेहगढ़ साहिब के जल्लां गांव का ये वीडियो 2018 का है। आज की तारीख में इस स्कूल में साफ लेडीज वॉशरूम हैं और सैनिटरी पैड मशीन भी लगी हुई है। कुछ लोगों को पंजाब को बदनाम करने में मजा आता है।
इसके बाद हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर पंजाब से जुड़े दो अलग-अलग और वीडियो शेयर कर पूछा कि ये वीडियो कहां के हैं?
ध्यान रहे कि 2018 में पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में कांग्रेस की सरकार थी। आज कैप्टन अमरिंदर सिंह खुद BJP में हैं। हरभजन सिंह ने कुछ दिन पहले भी नशे में झूमते दो युवकों का वीडियो शेयर कर उसे पंजाब का बता दिया था। तब पंजाब पुलिस ने बाकायदा उनके दावे का खंडन करते हुए क्लियर किया कि ये वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है।

जानिए हरभजन के रीपोस्ट किए वीडियो में क्या…
- बिना छत और बिना फ्लश के चल रहे महिला टॉयलेट: भज्जी के रीपोस्ट किए वीडियो में फतेहगढ़ साहिब जिले के सरकारी हाईस्कूल जल्ला को दिखाया गया। इसमें छात्राओं के लिए बने टॉयलेट ऊपर से पूरी तरह खुले हैं। वहां प्राइवेसी नहीं है। यूरीनेशन एरिया की हालत देखकर लगता ही नहीं कि यह महिलाओं के लिए है। वहीं, दूसरे टॉयलेट में महज एक सीट लगी है, लेकिन उसमें न तो पानी की कोई टंकी है और न ही फ्लश का कोई कनेक्शन।

बिना छत और बिना फ्लश के चल रहे महिला टॉयलेट।
- वॉशरूम न जाना पड़े, इसलिए पानी कम पी रही छात्राएं: वीडियो में स्कूल परिसर में एक छात्रा अपनी सहेली को यह कहते सुनी गई कि पानी कम पियो, क्योंकि यहां टॉयलेट जाने लायक स्थिति नहीं है। इससे दावा किया गया कि स्कूल की छात्राएं मानसिक और शारीरिक स्थिति से गुजरने को मजबूर हैं।
- स्टाफ और मेल टॉयलेट की स्थिति भी दयनीय: स्कूल में पुरुषों और स्टाफ के लिए बने 3 शौचालयों का हाल भी कुछ अलग नहीं। सुविधाओं के अभाव के बावजूद स्टाफ इन्हीं बदहाल टॉयलेट्स का इस्तेमाल करने को मजबूर है। स्कूल में प्रभारी और प्रिंसिपल पद पर अधिकारी तैनात होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ है।
- सरपंच और प्रशासन बेखबर: स्कूल इंचार्ज ने स्थानीय सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों से इस समस्या को लेकर बात भी की थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

भज्जी ने प्रदीप भंडारी की पोस्ट को रीपोस्ट कर लिखा था- पाजी इतना सच मत बोलो। नहीं तो पेड ट्रोलर्स इसे भी राजस्थान का वीडियो बता देंगे।

स्कूल वाली वीडियो पर ट्रोल होने के बाद भज्जी ने नशे का वीडियो भी शेयर किया, जिसमें तलवंडी कलां के विधायक जीवन सिंह से लोग कह रहे हैं कि उनके यहां सरेआम चिट्टा बिकता है।
राजस्थान का वीडियो शेयर कर ट्रोल हो चुके भज्जी
इससे पहले हरभजन सिंह की ओर से पंजाब में नशे से जोड़कर शेयर किए गए एक वीडियो को फैक्ट-चेक में राजस्थान के श्रीगंगानगर का पाया गया था। पंजाब पुलिस ने कहा था कि कोई भी पोस्ट जिम्मेदारी के साथ शेयर की जाए। लोगों के बीच भ्रम न फैलाया जाए।
AAP छोड़ने के बाद हरभजन सिंह की सरकार के खिलाफ पोस्ट
- मई 2026: कुराली में बच्ची के अपहरण वाले वीडियो पर लिखा- वॉट्स गोइंग ऑन इन पंजाब (पंजाब में यह क्या हो रहा है?)? यह लिखकर पुलिस से कार्रवाई की अपील की और पंजाब की बिगड़ रही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। AAP को लेकर कहा कि पंजाब की राज्यसभा सीट बेची गई, रिश्वत ली गई और पंजाब को लूट खा गए।
- 10 अगस्त: जॉम्बी जैसा दिखने वाले युवकों का वीडियो शेयर कर लिखा– पंजाब की ऐसी स्थिति देखकर बहुत दुख लगा। सरकार पंजाब और पंजाबी यूथ को लेकर क्या कर रही है।
- 11 अगस्त: नशे का वीडियो शेयर कर सीधा कहा– क्या यह भी राजस्थान की तस्वीरें हैं? बात पंजाब की ड्रग समस्या की है। पंजाब सरकार को काम करना चाहिए कि कैसे पंजाब को नशा-मुक्त बनाया जाए।
- 19 अगस्त: स्कूल की हालत वाले वीडियो (BJP प्रवक्ता के पोस्ट) पर व्यंग्य भरा जवाब दिया। एक अन्य वीडियो पर लिखा कि क्या यह पंजाब की नहीं है? थोड़ी शर्म कर लो पेड ट्रोलर्स।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पूर्व CM चन्नी ने PU चंडीगढ़ में एग्जाम दिया:नॉर्मल स्टूडेंट की तरह पेपर लिखते दिखे; बाहर आकर बोले- मैं रात केवल 3 घंटे सोया

पंजाब के पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में एग्जाम देने पहुंचे। चन्नी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में MA कर रहे हैं। उनका एग्जाम दोपहर साढ़े 12 बजे तक था। पेपर लिखकर वह एग्जाम हॉल से बाहर आते दिखे। पढ़ें पूरी खबर…