![]()
सहारनपुर में पुलिस और एएनटीएफ ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 617 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। यह खेप गुरुवार सुबह 11 बजे नानौता-देवबंद रोड पर हिंडन नदी पुल के पास एक कैंटर से बरामद की गई। पुलिस ने मौके से बरेली निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरेली के नवादा जोगियान, पुराना शहर निवासी शाहाकार अहमद पुत्र मुशीर अहमद के रूप में हुई है। उसके पास से डोडा पोस्त के अतिरिक्त दो मोबाइल फोन, 1,800 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त आयसर कैंटर भी बरामद किया गया। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने नानौता-देवबंद रोड पर घेराबंदी की थी। चेकिंग के दौरान संदिग्ध कैंटर को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप रांची से बरेली होते हुए सहारनपुर में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी। अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कैंटर में रखे माल की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि, पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण तथ्य और कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके तार बरेली और झारखंड से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुट गई है। आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी सर्विलांस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और बड़े तस्करों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े सभी लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा। इस मामले में थाना बड़गांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे राज्यों तक फैले इस नेटवर्क का जल्द ही खुलासा किया जा सकता है।
Source link
सहारनपुर में 617 किलो डोडा पोस्त जब्त:रांची से बरेली होते हुए आ रही थी खेप, एक तस्कर गिरफ्तार