![]()
बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में मुर्गियां लेकर जा रहे पिकअप चालक और उसके साथियों से कथित तौर पर वसूली और लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को हिंदूवादी नेता बताते हुए सावन में मुर्गी कटवाने और बेचने को गुनाह बताया और कार्रवाई से बचाने के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की। मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने प्रेसवार्ता में घटना का खुलासा किया। बुधवार को म्याऊं कस्बा निवासी नेत्रपाल पिकअप से बिसौली से मुर्गियां खरीदकर दातागंज ले जा रहे थे। उनके साथ ड्राइवर सत्यपाल और क्लीनर अमन भी थे। आरोप है कि गंगा एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज के पास वैगनआर सवार पांच लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने खुद को हिंदूवादी नेता बताते हुए सावन में मुर्गियां ले जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने नेत्रपाल को गाड़ी सीज कराने की धमकी दी। 50 हजार मांगे, 20 हजार में तय हुआ सौदा पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कार्रवाई से बचाने के नाम पर नेत्रपाल से 50 हजार रुपए मांगे। बातचीत के बाद 20 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। नेत्रपाल ने आरोपियों को 19,200 रुपए नकद दे दिए। बाकी 800 रुपए यूपीआई के जरिए वसूले गए। रुपए लेने के बाद मोबाइल भी लूटा आरोप है कि 20 हजार रुपए लेने के बाद आरोपियों ने नेत्रपाल का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर दातागंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। खुद को हिंदू रक्षा दल का जिलाध्यक्ष बताता है आरोपी पुलिस ने गुरुवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के नाहर खां सराय लालपुल निवासी हरिओम मथुरिया और जोशी चौधरी सराय निवासी यश जोशी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, हरिओम मथुरिया खुद को हिंदू रक्षा दल का जिलाध्यक्ष बताता है। 10,200 रुपए और वैगनआर बरामद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 10,200 रुपए और वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने तीन फरार साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही मामले में अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Source link
मुर्गियां ले जा रहे पिकअप चालक को हिंदूवादी-नेताओं ने रोका:20 हजार रुपए वसूले, मोबाइल भी लूटा; खुद को हिंदू रक्षा दल का जिलाध्यक्ष बताने वाला गिरफ्तार