संभल में स्वास्थ्य-शिक्षा प्रतियोगिता कराई गई:छात्रों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, विजेताओं को मिले पुरस्कार


संभल के Z.U. इंटर कॉलेज में गुरुवार को गरिमा समाज सेवा समिति, हापुड़ और कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज, संभल के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के प्रधानाचार्य शाहिद हुसैन और कैंब्रिज अकैडमी की कंप्यूटर शिक्षिका मुस्कान के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके सामान्य ज्ञान को मजबूत करना और उनमें आत्मविश्वास विकसित करना था। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर छात्र-छात्राओं ने अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने पर शहराज अहमद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खिज़रा द्वितीय और मोहम्मद नोमान तृतीय स्थान पर रहे। समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। गरिमा समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक मित्तल ने विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति के प्रमुख स्तंभ हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के मानसिक विकास और आत्मविश्वास में वृद्धि करती हैं। प्रधानाचार्य शाहिद हुसैन ने गरिमा समाज सेवा समिति और कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह की गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *