![]()
पीलीभीत जिले के पूरनपुर विकासखंड के ग्राम गहलुया में बुधवार रात आबादी के पास एक तेंदुआ देखा गया। रात करीब 9:40 बजे गांव की सीमा के पास जंगली जानवर की मौजूदगी से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने तेंदुए को खुले में घूमते देखा तो अपनी और मवेशियों की सुरक्षा के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर तेंदुआ पास के गन्ने के खेत में छिप गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए को घेरने और सुरक्षित रेस्क्यू करने का प्रयास किया, लेकिन गन्ने के खेतों की सघनता और अंधेरे के कारण तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। तेंदुए की मौजूदगी से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए और उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि कोई जनहानि न हो। वन विभाग ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन जारी है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर न निकलें, खेतों की ओर समूह में जाएं और बच्चों को घरों के अंदर ही रखें। विभाग की टीम गन्ने के खेतों के आसपास लगातार तलाशी कर रही है।
Source link
पीलीभीत में आबादी के पास तेंदुआ दिखा:ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया