युवक पर हमले के मामले 4 नामजद पर केस दर्ज:गंभीर हालत में लखनऊ रेफर; पुरानी रंजिश में तमंचे-तलवार से वार कर किया घायल


सुल्तानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। खेत में धान की सिंचाई कर रहे युवक पर बाइक सवार चार लोगों ने पहले गाली-गलौज की, फिर फायरिंग की और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। यह घटना 17 अगस्त को दोपहर लगभग 3 बजे वीगो पुरवा स्थित चक में हुई। पीड़ित रामसूरत पाण्डेय अपने भाई सुनील पाण्डेय और चचेरे भाई कौशलेन्द्र के साथ धान की सिंचाई कर रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर आरोपी कामता प्रसाद पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, मनोज और निष्कर्ष सिंह मौके पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। रामसूरत पाण्डेय द्वारा विरोध करने पर कामता प्रसाद ने तमंचे से उन पर फायर किया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने सुनील पाण्डेय पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। निष्कर्ष सिंह ने तलवार से जबकि अंकित और मनोज ने चाकू से सुनील पाण्डेय पर कई वार किए। हमले में सुनील पाण्डेय की गर्दन, पेट, सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। चाकू और तलवार के वार से उनके पेट में गहरा घाव हो गया, जिससे आंतें बाहर आ गईं। वे खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजनों और ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी कादीपुर की तरफ भाग निकले। घायल सुनील पाण्डेय को तत्काल CHC कादीपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां से भी स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें KGMU, लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायल सुनील पाण्डेय के भाई रामसूरत पाण्डेय की तहरीर के आधार पर कामता प्रसाद पाण्डेय (पुत्र राम खेलावन पाण्डेय), अंकित पाण्डेय (पुत्र कामता प्रसाद पाण्डेय), मनोज (पुत्र शारदा प्रसाद) और निष्कर्ष सिंह (निवासी जिला आजमगढ़) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल को इस मामले की विवेचना सौंपी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *