देवरिया विधायक के खिलाफ भ्रामक पोस्ट:आरोप में 2 भाइयों पर केस; शिकायतकर्ता ने दिए स्क्रीनशॉट और लिंक, छवि खराब करने का आरोप


देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और असत्य पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में दो सगे भाइयों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। सदर कोतवाली पुलिस ने बांस देवरिया निवासी दीपांशु यादव और विकास यादव को नामजद किया है। भटवलिया चौराहा निवासी अभिजीत त्रिपाठी की तहरीर पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता अभिजीत त्रिपाठी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि ‘professor_kum’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी और फेसबुक अकाउंट से विधायक के खिलाफ लगातार पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। तहरीर में दावा किया गया कि उक्त आईडी का संचालन दीपांशु यादव और उसके भाई विकास यादव करते हैं। छात्राओं के बेहोश होने वाली रील का जिक्र तहरीर में एक सोशल मीडिया रील का भी उल्लेख है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसमें विधायक के कार्यक्रम के कारण छात्राओं के बेहोश होने और विधायक के उनसे मिलने नहीं जाने का दावा किया गया। अभिजीत त्रिपाठी ने इसे गलत बताते हुए कहा कि घटना के बाद विधायक मेडिकल कॉलेज गए थे। इसके साक्ष्य के तौर पर सोशल मीडिया और मीडिया में उपलब्ध तस्वीरों का उल्लेख किया गया है। विधायक निधि को लेकर पोस्ट पर भी आपत्ति शिकायत में विधायक निधि से विकास कार्य नहीं होने का दावा करने वाली पोस्ट का भी जिक्र है। शिकायतकर्ता ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा कि विधायक निधि से कराए गए अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग से वास्तविक जानकारी ली जा सकती थी, लेकिन सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई। आंधी-बारिश के दौरान मौजूदगी को लेकर पोस्ट तहरीर में आंधी-तूफान के दौरान विधायक की मौजूदगी से जुड़ी एक अन्य पोस्ट का भी उल्लेख है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसमें दावा किया गया कि विधायक बारिश और आंधी खत्म होने के बाद मौके पर पहुंचे थे। जबकि उनके मुताबिक विधायक खराब मौसम के दौरान ही क्षेत्र में मौजूद थे। स्क्रीनशॉट और लिंक पुलिस को दिए अभिजीत त्रिपाठी ने पुलिस को विवादित पोस्ट के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया लिंक उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन, संबंधित पोस्ट की वास्तविकता और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *