![]()
मिर्जापुर के लालगंज तहसील क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश और अतिवृष्टि के कारण सात गांव जलभराव की चपेट में आ गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अतिवृष्टि से दिघुली गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। यहां राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने पहुंचकर 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी प्रभावितों को राम हरख इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाया गया। शिविर में लोगों के लिए भोजन, बिस्तर, पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राहत शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा जिलाधिकारी ने राहत शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां रह रहे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार लालगंज को प्रभावित परिवारों को समय से लंच पैकेट या भोजन, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिविर में रह रहे लोगों की जरूरतों का लगातार आकलन कर आवश्यकतानुसार सुविधाएं बढ़ाने को कहा। बड़गड़ गांव में भी पहुंचकर देखी स्थिति निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बड़गड़ गांव का भी दौरा किया और वहां बाढ़ व जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार प्रभावित गांवों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार विशाल कुमार, आपदा विशेषज्ञ अंकुर गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
मिर्जापुर में बारिश से 7 गांव जलमग्न,डीएम ने किया निरीक्षण:SDRF ने 45 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया