![]()
ललितपुर में रविवार को वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। सुबह 9 बजे से लोधी समाज के अलावा सर्व समाज के लोग तुवन चौराहे के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। अखिल भारतीय लोधी अधिकारी कर्मचारी (आलोक सिंह) के जिलाध्यक्ष पूरन सिंह राजपूत के नेतृत्व में अनेक अधिकारी-कर्मचारियों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बुंदेलखंड में आजादी की क्रांति की अलख जगाई। रविवार दोपहर को इलाइट चौराहे स्थित कल्याण सिंह सभागार से राजपूत लोधी समाज द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा इलाइट चौराहे से शुरू होकर जेल चौराहा, पानी की टंकी, सदर कांटा, घंटाघर, सावरकर चौक, तालबपुरा होते हुए तुवन चौराहे पर स्थित वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा स्थल पर समाप्त होगी। यहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समाज सेवी अविनाश राजपूत बताते है कि रानी अवंती बाई लोधी का जन्म 16 अगस्त 1831 को हुआ था। उन्होंने 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान दिया था। वे मध्य प्रदेश के रामगढ़ (वर्तमान डिंडोरी) रियासत की रानी थीं। पति की अस्वस्थता और मृत्यु के बाद उन्होंने अंग्रेजों की हड़प नीति का डटकर मुकाबला किया और मातृभूमि के लिए अपना बलिदान दिया।
Source link
जयंती पर ललितपुर में रानी अवंती बाई को श्रद्धांजलि:प्रतिमा पर माल्यार्पण, भव्य शोभायात्रा भी निकाली जा रही है