दो हिस्ट्रीशीटरों के विवाद के बाद आधी रात फायरिंग:प्रयागराज में ईंट-पत्थर भी चले, गोली चलाते हुए बदमाश बोला- बना वीडियो


प्रयागराज केधूमनगंज में शुक्रवार देर रात दो हिस्ट्रीशीटरों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। रात करीब 12 बजे एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट और ईंट-पत्थरबाजी की। आरोप है कि इसी दौरान उसने सरेआम तमंचा लहराते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी असलहा लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहा है।
पुलिस ने इस मामले में पीड़ित रोहित सोनकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी नवील को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। शराब के नशे में गाली देने पर शुरू हुई मारपीट
हरवारा निवासी रोहित सोनकर का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर नवील शराब के नशे में धुत होकर उसके पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। रोहित ने इसका विरोध किया तो नवील ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
रोहित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीचबचाव करने लगे। आरोप है कि इसके बाद नवील ने अपने कई साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने रोहित और बीचबचाव करने आए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वहां ईंट-पत्थर भी चलने लगे। हमलावरों ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग
इसी दौरान आरोप है कि नवील ने असलहा निकाल लिया और सरेआम फायरिंग शुरू कर दी। उसने एक के बाद एक कई गोलियां दागीं। अचानक हुई फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। रोहित का कहना है कि वह फायरिंग में बाल-बाल बच गया।
फायरिंग के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फायरिंग का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक युवक असलहा लहराते हुए दिखाई दे रहा है और फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस इस वीडियो को भी जांच में शामिल कर रही है। वीडियो के आधार पर आरोपी और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस बोली- दोनों हिस्ट्रीशीटर और दोस्त हैं
धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि रोहित सोनकर और नवील दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं और आपस में दोस्त भी हैं। दोनों का साथ उठना-बैठना है। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई।
थाना प्रभारी के मुताबिक रोहित सोनकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी नवील को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथियों की तलाश की जा रही है और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नवील पर पहले से कई गंभीर मुकदमे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नवील धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट और अपहरण समेत गंभीर धाराओं में मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2018 में भी प्रीतमनगर मोड़ के पास दिव्यांश पाल नाम के युवक को दिनदहाड़े गोली मारने का मामला नवील के खिलाफ दर्ज हुआ था। इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई मुकदमे बताए जा रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस आरोपी का नाम पहले से गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है, वह आधी रात को अपने साथियों के साथ मोहल्ले में पहुंचकर कथित तौर पर मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग करता रहा।
ऐसे में सवाल है कि हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी के लिए तय एसओपी और पुलिस की बीट व्यवस्था कितनी प्रभावी है? क्या हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखी जा रही थी? घटना के बाद पुलिस अब आरोपी के साथियों की तलाश और पूरे विवाद की वजह की जांच में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *