हरदोई में आबकारी मंत्री ने सेनानी परिजनों को सम्मानित किया:युवाओं से विकसित भारत निर्माण में योगदान देने की अपील


हरदोई में 15 अगस्त शुक्रवार 12 बजे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी भवन में आबकारी एवं मद्यनिषेध विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले सेनानियों को नमन किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग,संघर्ष,साहस और देशभक्ति के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उनके आदर्श और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने युवा पीढ़ी से स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, चौथी बड़ी शक्ति और तीसरी बड़ी सैन्य शक्ति के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने देश की भाषाई, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक विविधताओं के बावजूद भारत एकता के सूत्र में बंधा हुआ है और निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। नितिन अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयास से ही विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी लोगों से देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले महान बलिदानियों और सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र सहित कई जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *