सहारनपुर DM ने बैंकों को दी सख्त चेतावनी:युवाओं के लोन आवेदन लंबित रखने पर कार्रवाई के निर्देश


सहारनपुर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं के स्वरोजगार ऋण आवेदनों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम अरविंद कुमार चौहान ने बैंकों के अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। शुक्रवार शाम 6 बजे कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह सामने आया कि कुछ बैंकों में युवाओं की लोन फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार बैंकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए सरकार की ओर से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। ऐसे में बैंक स्तर पर फाइलों को बेवजह लंबित रखना योजना के उद्देश्य में बाधा डालना है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। पात्र युवाओं की फाइलों को अकारण लंबित न रखा जाए। जिन मामलों में कोई कमी है, उसकी जानकारी संबंधित विभाग या आवेदक को समय पर दी जाए, ताकि प्रक्रिया आगे बढ़ सके। बैठक में योजना की प्रगति के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराए जा रहे ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि योजना की लगातार निगरानी की जाए और आवेदन से लेकर ऋण स्वीकृति तक की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न होने दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को रोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैंकर्स भी इसे गंभीरता से लेते हुए लंबित फाइलों का तेजी से निस्तारण करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र अजय कुमार त्रिपाठी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नवनीत शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *