सहारनपुर के ढाबे पर युवक पर फायरिंग:स्कॉर्पियो के शीशे से गुजरी गोली, दो पर हत्या के प्रयास का आरोप,FIR दर्ज


सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र स्थित मन्नत ढाबे पर एक स्कॉर्पियो सवार युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। युवक ने गाड़ी के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। गोली कार का शीशा चीरकर अंदर छत में जा लगी। आरोपियों ने ढाबे पर मौजूद लोगों के सामने भी फायरिंग की और धमकी देकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह 8 बजे पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 13 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे हुई। बसंत विहार एक्सटेंशन, दिल्ली रोड निवासी रुद्रांश मनोज पंवार का बेटा अपने रिश्तेदार सचिन कुशलपाल का बेटा, निवासी सहजवा, थाना रामपुर मनिहारान के साथ स्कॉर्पियो क्लासिक संख्या UP 11 CQ 1008 से मन्नत ढाबे पर खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद दोनों घर जाने के लिए निकले। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवक उनकी गाड़ी के पास आ गए। उन्होंने रुद्रांश पर फायर कर दिया। रुद्रांश ने गाड़ी के पीछे छिपकर खुद को बचाया। फायरिंग में गोली कार के शीशे को भेदती हुई अंदर छत में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर ढाबे पर मौजूद अन्य लोग मौके की ओर दौड़े। तहरीर के मुताबिक, लोगों को आता देखकर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी देते हुए दोबारा फायरिंग की। दूसरी गोली ढाबे के अंदर जा लगी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। रुद्रांश ने तहरीर में दोनों आरोपियों की पहचान करने का दावा किया है। इनमें से एक की पहचान सौरभ कुलबीर का बेटा, निवासी तेलीपुरा, थाना चिलकाना और दूसरे की पहचान विशु निवासी बूरोडा, थाना सरसावा के रूप में हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *