दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों की नो एंट्री:कांवड़ यात्रा के कारण सोमवार तक रूट डायवर्जन


मुरादाबाद में सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन की तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार दोपहर दो बजे से दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था सोमवार तक लागू रहेगी। कांठ रोड पर भी शुक्रवार यानी आज से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। मुरादाबाद से दिल्ली, मेरठ और गाजियाबाद जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं, बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा। मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ का मार्ग निर्धारित किया गया है। दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं होकर जाएंगे। बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहनों को काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर के रास्ते भेजा जाएगा। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा। शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर होकर भेजा जाएगा। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि हरिद्वार और ब्रजघाट से जल लेकर कांवड़िये लौटने लगे हैं। शुक्रवार से कांवड़ियों के जत्थों की संख्या बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि भीड़ अधिक बढ़ने पर हल्के वाहनों के संचालन पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया जा सकता है। कांठ रोड और दिल्ली हाईवे पर यातायात पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *