![]()
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र स्थित आकाश नगर से दो नाबालिग बहनें लापता हो गई । मोबाइल फोन चलाने को लेकर बड़े भाई की डांट से नाराज होकर दोनों बहनें 9 अगस्त की दोपहर करीब चार बजे घर से चली गई थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़कियां पिछले लगभग 10 वर्षों से मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी दो छोटी बहनें 14 और 13 साल की हैं। शिकायत के अनुसार, 9 अगस्त की दोपहर करीब चार बजे दोनों बहनें घर से बिना बताए कहीं चली गईं। परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले बड़े भाई ने उन्हें मोबाइल फोन इस्तेमाल करने को लेकर डांटा था। आशंका है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों बहनें घर से निकली हैं। काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां उनकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर बड़े भाई ने मसूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, घर से निकलते समय 14 वर्षीय लड़की ने गुलाबी रंग का सूट-सलवार पहन रखा था, जबकि 13 वर्षीय लड़की हरे रंग का सूट-सलवार पहने हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों नाबालिग बहनों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
गाजियाबाद से दो नाबालिग बहनें लापता:भाई की डांट के बाद घर से निकलीं, अपहरण का केस दर्ज