महराजगंज जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े:बेड कम पड़े, चिकित्सकों पर बढ़ा काम का दबाव


महराजगंज में पिछले दो दिनों से पड़ रही कड़ी धूप और उमस के कारण जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। मंगलवार रात 8 बजे इमरजेंसी वार्ड में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जिससे वार्ड में बेड कम पड़ने की स्थिति बन गई। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्वेतांशु शाही ने बताया कि पिछले दो दिनों से तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों में डिहाइड्रेशन तथा उल्टी-दस्त की शिकायतें बढ़ी हैं। उन्होंने विशेष रूप से शाम के समय मरीजों की अधिक संख्या पहुंचने की बात कही। डॉ. शाही ने लोगों को गर्मी से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। वहीं, शाम के समय बिजली कटौती भी मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। लगातार गर्मी के बीच बिजली चले जाने से अस्पताल के वार्डों में उमस बढ़ जाती है। अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से दूषित या खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने तथा उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर लापरवाही न बरतने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *