![]()
चित्रकूट में कल अमावस्या मेले के लिए बांदा रोडवेज ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बांदा से चित्रकूट के लिए 150 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना है। चित्रकूट धाम मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) राम लवट ने बताया कि सामान्य दिनों में चित्रकूट होते हुए लगभग 40 बसों का संचालन होता है। अमावस्या मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह 150 अतिरिक्त बसें लगाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोडवेज के पास आरक्षित बसें भी उपलब्ध हैं, जिनकी आवश्यकता पड़ने पर सेवा में शामिल किया जाएगा और बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। आरएम ने बताया कि रोडवेज का मुख्य लक्ष्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा प्रदान करना है। यात्रियों की भीड़ के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को बसों के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े। इस बीच, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए 15 अगस्त से रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू होने की खबरों पर आरएम ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में फिलहाल शासन की ओर से कोई लिखित आदेश या शासनादेश प्राप्त नहीं हुआ है। आरएम ने कहा कि समाचार पत्रों में इस सुविधा को लेकर खबरें प्रकाशित हो रही हैं, लेकिन जब तक शासन से लिखित आदेश नहीं आता, तब तक रोडवेज स्तर पर इसे लागू नहीं किया जा सकता। शासनादेश प्राप्त होने के बाद ही उसके अनुसार आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
Source link
चित्रकूट अमावस्या मेले के लिए 150 अतिरिक्त बसें चलेंगी:यात्रियों की सुविधा हेतु बांदा रोडवेज ने की तैयारी