गुरु रविदास की पवित्र माटी लेकर पहुंची कलश यात्रा:रुदौली में विधायक ने सिर पर रखा कलश, हजारों लोग हुए शामिल


संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और कलश लेकर निकाली गई कलश वंदन यात्रा रविवार को रुदौली तहसील क्षेत्र के शुजागंज मंडल शाम को पहुंची। यात्रा के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उमड़ पड़े। यात्रा के क्षेत्र में पहुंचते ही श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया। सिठौली, दीवाली, इचौलिया, जखौली मोड़ और भिटौरा सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने विशेष तैयारियां की थीं। लोगों ने पुष्पवर्षा कर और फूलमालाएं पहनाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने पवित्र कलश को अपने सिर पर रखकर यात्रा में सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। यात्रा मार्ग ‘हर-हर रविदास’ और सामाजिक समरसता के जयकारों से गूंजता रहा। विधायक ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा शुजागंज पक्का तालाब पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद कलश वंदन यात्रा का विधिवत समापन किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने इस अवसर पर कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन मानवता, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और कलश वंदन यात्रा संत रविदास के विचारों व संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। यात्रा में शुजागंज मंडल अध्यक्ष माधुरी सिंह, पूर्व प्रधान अरविंद वर्मा, समाजसेवी संतोष यादव, कमलेश यादव, किशोरी लाल भारती, राम प्रेस यादव, शिवानंद मिश्रा, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *