![]()
कौशांबी में आपसी कहासुनी के बाद एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की गुरुवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने गांव के पांच लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए संदीपन घाट थाने में नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा गांव का है। कहासुनी के अगले दिन खेत से लौटते समय हमला उजिहिनी खालसा निवासी राजेंद्र कुमार के मुताबिक, उनके भाई रविंद्र कुमार रैदास की 23 सितंबर की रात करीब 10 बजे गांव के कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद संबंधित लोग वहां से चले गए। अगले दिन 24 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे रविंद्र कुमार गांव के बाहर खेत की ओर तरोई तोड़ने गया था। वह तरोई मंडी में बेचने के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि सुबह करीब 9 बजे पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में रविंद्र कुमार को गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। इसके बाद राजेंद्र कुमार समेत परिजन घायल रविंद्र को इलाज के लिए मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया गया। गुरुवार शाम करीब 4 बजे इलाज के दौरान रविंद्र कुमार की मौत हो गई। भाई ने पांच लोगों के खिलाफ दी तहरीर रविंद्र के भाई राजेंद्र कुमार ने संदीपन घाट थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी एनके नागर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
कौशांबी में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की मौत:खेत से लौट रहे युवक को घेरकर पीटने का आरोप, 5 लोगों के खिलाफ शिकायत