ललितपुर में 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या:मां ने फंदे से उतारा शव, पिता बोले- सरकारी नौकरी करना चाहती थी बेटी


ललितपुर में शनिवार रात एक 12वीं कक्षा की छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां ने बाथरूम जाने के लिए उठने पर बेटी का शव फंदे पर लटका देखा। घटना जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनाधाना की है। रात करीब 12 बजे जब मां सोना बाई बाथरूम जाने के लिए उठीं, तो उन्होंने देखा कि उनकी 17 वर्षीय बेटी नंदनी का शव कमरे में दुपट्टे से फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत हंसिया से फंदे को काटकर शव को नीचे उतारा और चारपाई पर रखा। मृतका नंदनी पुत्री सुखदेव शनिवार दोपहर स्कूल से घर लौटी थी। उसने कपड़े धोए और शाम को परिवार के सभी सदस्यों को खाना परोसा। रात करीब 10 बजे वह पढ़ाई करने बैठ गई, जबकि उसकी मां और भाई इंद्रा कमरे में सो गए थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि छात्रा ने किन कारणों से यह कदम उठाया। रविवार दोपहर 3:45 बजे तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था और परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर इंतजार कर रहे थे। मृत छात्रा के पिता सुखदेव ने बताया कि नंदनी 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी हमेशा कहती थी कि उसे सरकारी नौकरी करनी है और वह अभी शादी नहीं करेगी। नंदनी दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी, जबकि उसके भाई और बहन की शादी हो चुकी है। सुखदेव खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिता यह नहीं बता पाए कि बेटी ने आत्महत्या क्यों की। थानाध्यक्ष जाखलौन रामप्रकाश ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *