पंचायत में पति ने पत्नी को रखने से किया इनकार:मायके पक्ष ने दामाद, मां-बहन से की मारपीट; घर में तोड़फोड़


मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के लखीपुरा में शनिवार रात पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत हंगामे में बदल गई। पति द्वारा पत्नी को साथ रखने से इनकार करने पर मायके पक्ष के लोगों ने दामाद और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ बाइक और घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। लखीपुरा गली नंबर-18 निवासी एहसान पुत्र फकीरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब चार महीने पहले मवाना निवासी आयशा पुत्री सरफुद्दीन से हुई थी। एहसान का आरोप है कि शादी के बाद से ही आयशा किसी युवक से लगातार फोन पर बात करती थी। उसने पत्नी के मोबाइल में युवक के साथ कुछ तस्वीरें भी देखी थीं, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार शाम भी पत्नी के फोन पर बात करने को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एहसान ने मायके वालों को फोन कर बुलाया। इसके बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत बैठी। आरोप है कि पंचायत के दौरान एहसान ने पत्नी को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। इस पर मायके पक्ष के लोग भड़क गए और कहासुनी के बाद उन्होंने एहसान के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने पहुंची उसकी मां आलमा खातून और बहन मुस्कान के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए बाइक और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। एहसान ने आरोप लगाया कि उसके साले आरिफ, आदिल, आसिफ और सालियों शबाना व इमराना ने उसे धमकी दी कि यदि उसने उनकी बहन को अपने साथ नहीं रखा तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने घायल मां, बेटे और बहन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *