शामली में हर-हर महादेव से गूंजा माहौल:कांवड़ियों के स्वागत को सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, पुष्पवर्षा हुई


शामली में शनिवार देर रात हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। शहर की सड़कें आस्था और भक्ति से सराबोर दिखीं, जहां बड़ी संख्या में शहरवासी कांवड़ियों के अभिनंदन के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। शिव चौक और बनत सहित विभिन्न स्थानों पर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ियों के पहुंचते ही “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। शिव चौक पर देर रात तक कांवड़ियों के स्वागत का सिलसिला जारी रहा। शामली शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी लोग शिवभक्तों को देखने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा थी, जिन्होंने कांवड़ियों के जत्थों पर फूल बरसाए और हाथ जोड़कर उनका अभिनंदन किया। देखें, 6 तस्वीरें… कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण शिव चौक और आसपास के मार्गों पर भीड़ का दबाव बढ़ गया। एक ओर गंगाजल लेकर आगे बढ़ते शिवभक्त थे, तो दूसरी ओर उनके स्वागत में उमड़ी भीड़। जयकारों और भक्ति गीतों से देर रात तक पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। बनत में भी कांवड़ियों के स्वागत के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय निवासियों ने सड़क किनारे खड़े होकर कांवड़ियों पर फूल बरसाए और उन्हें सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कांवड़ियों ने भी हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शिव चौक समेत प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन पर विशेष ध्यान दिया गया। देर रात तक शिवभक्तों के जत्थों के गुजरने का सिलसिला जारी रहा और पूरा शामली “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *