![]()
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए वहां के प्रशासन ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए नई पहल की है। हरिद्वार पुलिस की ओर से एक एडवाइजरी जारी की गई है जो कांवड़ियों का मार्गदर्शन करेगी। जारी एडवाइजरी में एक बारकोड भी जारी किया गया है। जिसे मेरठ समेत करीब दर्जनभर जिलों को उपलब्ध कराया गया है। कांवड़िया जैसे ही इस बारकोड को स्कैन करेगा, उसे हरिद्वार पहुंचने का आसान रास्ता, रूट डायवर्जन और संबंधित पार्किंग की जानकारी मिल जाएगी। इससे कांवड़ियों को रास्ता तलाशने में परेशानी नहीं होगी और वह भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचते हुए निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। हरिद्वार पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी का मेरठ के थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार कराया जा रहा है। जगह-जगह दीवारों पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर बारकोड दिया गया है। पोस्टर में कांवड़ यात्रा के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी भी बिंदुवार दी गई है। इसके साथ ही हरिद्वार में लागू रूट डायवर्जन प्लान को भी विस्तार से समझाया गया है। रोडवेज बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग
एडवाइजरी में अलग-अलग दिशाओं से आने वाली रोडवेज बसों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है। दिल्ली, मेरठ, हरियाणा और पंजाब की ओर से आने वाली रोडवेज बसें ऋषिकुल मैदान पार्किंग में खड़ी होंगी। नैनीताल, मुरादाबाद और बिजनौर की ओर से आने वाली बसों के लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं देहरादून, ऋषिकेश और पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली रोडवेज बसें मोतीचूर पार्किंग में पार्क की जाएंगी। कांवड़ वाहनों के लिए भी तय किए गए रूट
कांवड़ लेकर हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट और पार्किंग तय की गई हैं। दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से हरिद्वार जाने वाले वाहन मुजफ्फरनगर, मंगलौर, नंगला इमरती, लठौरा और एसएमएस तिराहा होते हुए बैरागी पार्किंग में पहुंचेंगे। दिल्ली से देहरादून, ऋषिकेश और चारधाम जाने वाले वाहनों को देहरादून एक्सप्रेसवे (एनएच-344जी) का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यमुनानगर से आने वालों के लिए भी रूट निर्धारित
यमुनानगर की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन भगवानपुर, अब्दुल कलाम चौक, नंगला इमरती, लक्सर और एसएमएस तिराहा होते हुए बैरागी पार्किंग में पहुंचेंगे। बैरागी कैंप पार्किंग में खड़े किए गए सभी प्रकार के वाहन श्मशानघाट पुल, श्रीयंत्र पुल, बूढ़ीमाता तिराहा, देशरक्षक, सिंहद्वार और सर्विस लेन होते हुए एनएच-344 पर निकलेंगे। मुरादाबाद,नजीबाबाद से आने वालों के लिए नीलधारा पार्किंग
मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को चिड़ियापुर से 4.2 तिरछा पुल होते हुए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग तक पहुंचाया जाएगा। इसी तरह देहरादून और ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहन नेपाली तिराहा और सप्तऋषि होते हुए लालजीवाला पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। बारकोड से एक क्लिक में मिलेगी पूरी जानकारी
प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ियों को रास्ते में बार-बार रूट पूछने या जाम में फंसने की परेशानी न हो। पोस्टरों पर दिए गए बारकोड को मोबाइल से स्कैन करने के बाद उन्हें संबंधित मार्ग, पार्किंग और डायवर्जन की जानकारी मिल सकेगी। पुलिस का मानना है कि डिजिटल माध्यम से पहले ही रूट और पार्किंग की जानकारी मिलने से कांवड़ियों को सुगम यात्रा में मदद मिलेगी और हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने में सहायता होगी।
Source link
हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों के लिए बारकोड एडवाइजरी:स्कैन करते ही मिलेगी पार्किंग और आसान रास्ते की जानकारी, बढ़ती भीड़ को लेकर अलर्ट