गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी के लिए नामांकन 29 से:200 बूथों पर 53000 से अधिक मतदाता देंगे वोट; 23 अक्टूबर को वोटिंग


गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यहां से एमएलसी शर्मा गुट के ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह इसके रिटर्निंग आफिसर होंगे। नामांकन 29 सितंबर से शुरू होगा। 200 बूथों पर 53 हजार से अधिक मतदाता वोट देंगे। 23 अक्टूबर को मतदान होगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी करा ली जाएगी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 जिलों में कुल 200 बूथ बनाए गए हैं, जहां 53730 मतदाता हैं। गोरखपुर जिले में बूथों की संख्या 18 और मतदाता 7241 है। निर्वाचन को लेकर कमिश्नर और गोरखपुर डीएम दीपक मीणा ने मंगलवार को तैयारियों के संबंध में बैठक की। कमिश्नर बुधवार को भी बैठक करेंगे जिसमें निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े 17 जिलों के संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
निर्वाचन क्षेत्र में ये जिले हैं शामिल गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलरामपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, श्रावस्ती, गोंडा और बहराइच । इन सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सपा का प्रत्याशी घोषित, भाजपा का नहीं इस चुनाव के लिए सपा ने काफी पहले ही अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। सपा शिक्षक कमलेश यादव को चुनाव लड़ा रही है। पिछले चुनाव में भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया था। इस बार क्या स्थिति रहेगी, यह अभी तय नहीं हो पाया है। वर्तमान एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी शिक्षकों के संगठन शर्मा गुट से हैं। यह गुट काफी मजबूत हुआ करता था लेकिन पिछले चुनाव में केवल ध्रुव कुमार त्रिपाठी को ही जीत मिली थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *