![]()
राहुल गांधी के शनिवार को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से पहले शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया है। कांग्रेस ने जहां राहुल गांधी के स्वागत और छात्र संवाद कार्यक्रम के समर्थन में पोस्टर लगाए हैं, वहीं उनके खिलाफ भी कई विवादित पोस्टर सामने आए हैं। इन पोस्टरों के बाद प्रयागराज का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विवादित पोस्टरों में राहुल गांधी पर झारखंड के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए गए हैं। एक पोस्टर में लिखा है, “जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए?” दूसरे पोस्टर में पूछा गया है, “जब झारखंड के छात्र न्याय मांग रहे हैं, राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए?” एक अन्य पोस्टर में लिखा है, “कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है।” इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर भी है। एक अन्य पोस्टर में “नीट पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज वॉव… झारखंड छी” लिखा गया है। इन पोस्टरों के माध्यम से राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर उनकी राजनीतिक स्थिति को निशाना बनाने का प्रयास किया गया है। राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले सामने आए इन विवादित पोस्टरों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, इन पोस्टरों पर किसी संगठन, राजनीतिक दल या व्यक्ति का नाम नहीं लिखा है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन्हें किसने लगवाया है। पोस्टरों को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज होने की संभावना है। राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में कांग्रेस के ‘गूंज’ कार्यक्रम के तहत छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दे रहेंगे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं और शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वागत होर्डिंग व बैनर लगाए हैं।
Source link
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले पोस्टर वार:झारखंड और NEET पर सवाल उठाते विवादित पोस्टर लगे