![]()
कानपुर के घाटमपुर में जहानाबाद रोड स्थित गोपालपुर की वैभव फ्लोर मिल पर गुरुवार शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम को अलग-अलग ब्रांड के 50 किलो, 10 किलो और 5 किलो के आटे के पैकेट मिले। पैकेटों पर वजन और ‘बेस्ट बिफोर’ तो अंकित था, लेकिन बैच नंबर और निर्माण तिथि दर्ज नहीं थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका पर अधिकारियों ने तीन नमूने लेकर कुल 4,300 किलोग्राम आटा सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.29 लाख रुपये है। जांच के दौरान टीम ने कच्चे माल और तैयार उत्पाद से जुड़े अभिलेख भी मांगे, लेकिन स्टॉक रजिस्टर, कच्चे माल का रिकॉर्ड और तैयार उत्पाद का विवरण मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा तैयार आटा जमीन पर और दीवार से सटाकर रखा गया था। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत बताते हुए कहा कि इस तरह भंडारण करने से आटे में नमी आने की आशंका रहती है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। खाद्य सुरक्षा टीम ने 50 किलो के पैक से 3,000 किलोग्राम (करीब 90 हजार रुपये), 10 किलो के पैक से 750 किलोग्राम (22,500 रुपये) और 5 किलो के पैक से 550 किलोग्राम (16,500 रुपये) आटा सीज किया। तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
वैभव फ्लोर मिल पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा:कानपुर में 4.3 टन आटा सीज, पैकेट पर नहीं मिले बैच नंबर और निर्माण तिथि