![]()
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि-प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। इससे छात्रों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद अब छात्रा और परिजनों द्वारा कॉलेज प्रशासन और संबंधित परीक्षा निरीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार, 29 जुलाई को छात्रा की परीक्षा थी। आरोप है कि परीक्षा के दौरान उसने उत्तर पुस्तिका का एक पन्ना गलती से फाड़ दिया, जिसके बाद परीक्षा कक्ष में मौजूद परीक्षक ने उस पर नकल करने का आरोप लगा दिया। उत्तर पुस्तिका को सील कर जांच के लिए भेज दिया गया। इसके बाद छात्रा ने विभाग के शिक्षकों और डीन से अपनी बात रखी। उसे आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित होगी और उसे अभिभावकों के साथ बुलाया जाएगा, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान छात्रा लगातार मानसिक तनाव में रही। उसे “चीटर” कहकर ताने दिए जा रहे थे, जिससे वह बेहद परेशान थी। बुधवार को वह दोबारा डीन से मिलने पहुंची, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में छात्रा की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट, पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है। उसका उपचार अस्पताल में जारी है। परिजनों ने संबंधित परीक्षा निरीक्षक और कॉलेज प्रशासन पर छात्रा का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि छात्रा ने छत से कूदने से पहले एक वीडियो भी बनाया है और उसके पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। वहीं अस्पताल में इलाज करने वाले हड़डी रोग विशेषज्ञ डॉ ध्रुव राज चिकारा ने बताया कि छात्रा की रीढ़ की हड़डी एल3 में फ्रेक्चर है और इसके साथ ही हाथ और सिर में भी चोट है। हालांकि फिलहाल लड़की खतरे से बाहर है।
Source link
मेरठ में कृषि विवि की छत से कूदी छात्रा:परिजनों ने लगाया कॉलेज प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप, जांच की मांग