परिवार न्यायालय के बाहर दामाद से मारपीट:पत्नी समेत ससुराल पक्ष पर आरोप, पुलिस ने मेडिकल कराया, तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू


आगरा के परिवार न्यायालय परिसर के बाहर मंगलवार को पारिवारिक विवाद उस समय मारपीट में बदल गया, जब तारीख पर आए एक युवक के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के जवानों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया। पीड़ित ने थाना न्यू आगरा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीजेएम कोर्ट के बाहर जीजा और साले के बीच भी मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। थाना शाहगंज क्षेत्र की बार वाली गली, नरीपुरा निवासी दीपक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पत्नी से उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। पत्नी ने परिवार न्यायालय में भरण-पोषण सहित अन्य मामले दायर कर रखे हैं। मंगलवार को दोनों पक्ष परिवार न्यायालय में तारीख पर पहुंचे थे। आरोप है कि दोपहर करीब 1:30 बजे न्यायालय से बाहर निकलते ही पत्नी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दीपक के साथ मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर मौके पर तैनात एसएसएफ जवानों ने हस्तक्षेप कर युवक को बचाया। उधर, सीजेएम कोर्ट के बाहर भी जीजा और साले के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि परिवार न्यायालय के बाहर हुई मारपीट के मामले में पीड़ित दीपक की तहरीर प्राप्त हुई है। उसका मेडिकल कराया गया है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीजेएम कोर्ट के बाहर हुई मारपीट के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *