मथुरा में टायर पलटने से ड्राइवर-कंडक्टर घायल:नवादा के पास डिवाइडर से टकराया, हाईवे पर लगा लंबा जाम


मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत नवादा के समीप दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा पंजाब नंबर का 18 टायरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ट्रक के केबिन में फंस गए थे। सूचना मिलने पर थाना हाईवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार तेज थी। अनियंत्रित होने के बाद वह डिवाइडर से टकराया और रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन बुलाकर पलटे हुए ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार कपिल ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पंजाब नंबर का गत्ता लदा 18 टायरा ट्रक नवादा के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। घायल ड्राइवर और कंडक्टर को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर यातायात सुचारु करा दिया है और मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *