लखनऊ में 9 घंटे से बारिश:बादलों की गरज चमक के बीच जमकर बरसात, लखनऊ से होकर गुजर रही मानसून की लाइन


लखनऊ में देर रात से बारिश का दौर हुआ है। 9 घंटे से लगातार बरसात के कारण मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने भी लखनऊ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ में बादलों की गरज चमक बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में बादल छाए रहने के साथ में बारिश का दौर बना रहेगा। इस बीच अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे के पहले 16.1 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके बाद 0.6 मिलीमीटर बरसात हुई है। जबकि दिन में सामान्य बारिश का औसत 8.6 मिलीमीटर है। यह सामान्य से 87 फीसदी अधिक रहा। मानसून के दौरान लखनऊ में कुल बरसात 196.7 मिलीमीटर हुई है। जबकि सामान्य बारिश का औसत 338.9। मिलीमीटर है। यह सामान्य से 42 फीसदी कम है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 71 फीसदी रहा। लखनऊ से गुजर रही मानसून की लाइन मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ में लोगों को भीषण उमस से राहत मिल गई है। मानसून की लाइन (द्रोणी) अब सामान्य स्थिति में लौट आई है। यह बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही हवा के चक्रवात भी सक्रिय हो गए हैं, जिससे गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हो गई हैं।इसके प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। इस मानसूनी बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *