![]()
मैनपुरी में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस को एक नई एंटीसेप्टर इनोवा गाड़ी मिली है। सोमवार, 03 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाह ने पुलिस लाइन परिसर से इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, यातायात क्षेत्राधिकारी दीपशिखा और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात क्षेत्राधिकारी दीपशिखा ने बताया कि मैनपुरी जिले में ओवरस्पीड के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शासन द्वारा यह एंटीसेप्टर गाड़ी उपलब्ध कराई गई है। यह वाहन जिले के आठ थाना क्षेत्रों के निर्धारित सर्किलों में तैनात रहेगा और लगातार निगरानी करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि एंटीसेप्टर वाहन की मदद से केवल ओवरस्पीड वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी निगरानी बिंदु पहले से ही तय कर दिए गए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी इस वाहन पर लगाई जाएगी, ताकि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस एंटीसेप्टर गाड़ी के संचालन से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण होगा और ओवरस्पीड के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
Source link
मैनपुरी में ओवरस्पीड पर लगेगी रोक:एसपी ने एंटीसेप्टर गाड़ी को दिखाई हरी झंडी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई