![]()
बलरामपुर में 29 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद के बाद पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर आत्महत्या करने वाले बजरंगी गिरी मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी चंद्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में चंद्रभान को इस पूरे घटनाक्रम का जिम्मेदार बताया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। यह सनसनीखेज वारदात 31 जुलाई 2026 को कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गोसाईपुरवा गांव में हुई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मृतक के भाई राजेश गिरी ने पुलिस को बताया कि बजरंगी गिरी ने अपने मित्र चंद्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को करीब 29 लाख रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली। बार-बार तकादा करने के बावजूद पैसा न लौटने से बजरंगी लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे थे। परिजनों के अनुसार, आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव इतना बढ़ गया कि उन्होंने पहले अपनी पत्नी कोमल (25), तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और एक वर्षीय बेटे जयदीप को गोली मार दी। इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मोबाइल में मिला मृत्युकालिक वीडियो बना अहम साक्ष्य घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन मिला। जांच में मोबाइल से एक वीडियो बरामद हुआ, जिसे बजरंगी ने अपनी मौत से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उन्होंने कहा कि चंद्रभान से कई बार रुपये मांगने के बावजूद पैसा वापस नहीं मिला। इसी वजह से वह यह कदम उठा रहे हैं और इसके लिए चंद्रभान को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने इस वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए मुकदमे की विवेचना आगे बढ़ाई। कोडरी घाट के पास से हुई गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश तिवारी के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कोडरी घाट के पास से चंद्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पूछताछ में क्या बोला आरोपी पुलिस पूछताछ में चंद्रभान ने स्वीकार किया कि वह और बजरंगी गिरी मित्र थे तथा उनके बीच पैसों का लेन-देन होता था। उसने बताया कि बजरंगी ने उसे 29 लाख रुपये दिए थे, लेकिन व्यापार में पैसा फंस जाने के कारण वह समय पर रकम वापस नहीं कर सका। आरोपी का कहना है कि इसी आर्थिक दबाव के चलते बजरंगी ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक 12 बोर का तमंचा, दो 315 बोर के तमंचे, तीन जिंदा 12 बोर कारतूस, दो जिंदा 315 बोर कारतूस, एक 12 बोर का फायरशुदा खोखा, दो 315 बोर के फायरशुदा खोखे तथा एक कैंची बरामद की थी। इन सभी साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। धारा 108 बीएनएस के तहत दर्ज हुआ मुकदमा इस मामले में कोतवाली देहात थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
29 लाख के कर्ज ने उजाड़ दिया पूरा परिवार:बलरामपुर में पत्नी-बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार