![]()
मेरठ में एक घरेलू सहायिका को लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रेलवे रोड थाना पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवर बरामद कर लिए। महिला पिछले सात साल से एक परिवार के घर में काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार, नई प्रेमपुरी निवासी कपिल माहेश्वरी ने रेलवे रोड थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि निशा नामक महिला उनके घर में पिछले लगभग सात वर्षों से घरेलू काम करने के साथ-साथ उनकी मां की देखभाल भी करती थी। इस लंबे समय के दौरान उसे घर की अलमारी में रखे कीमती आभूषणों की पूरी जानकारी हो गई थी। परिवार ने 1 अगस्त की रात अलमारी की जांच की तो उसमें रखे डायमंड टॉप्स, सोने के कुंडल, सोने की बाली, चार जोड़ी चांदी की पाजेब और दो जोड़ी चांदी के बिछुए गायब मिले। इसके बाद कपिल माहेश्वरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने बागपत रोड स्थित गंगा कॉलोनी निवासी आरोपी निशा (50) को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में निशा ने आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने के दबाव के कारण धीरे-धीरे जेवर चुराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। रेलवे रोड थाना पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Source link
मेरठ में 7 साल तक जीता भरोसा:अलमारी से लाखों के जेवर चुराए, नौकरानी गिरफ्तार