अनुज कौशिक | जालौन5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जालौन शहर में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। कोतवाली के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने पति के साथ खड़ी महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

पढ़िए पूरा मामला…
कोतवाली नगर क्षेत्र में रविवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने पति के साथ बाजार जाने के लिए सड़क किनारे बाइक पर बैठने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात कैमरे में कैद होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और उनकी बाइक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार के पास इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने बाजार और प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
