कानपुर देहात में युवक ने लगाई फांसी:पत्नी ने खिड़की से कमरे में फंदे से लटका शव देखा, पुलिस और फॉरेंसिक जांच में जुटी


कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र स्थित रामदीन पुरवा गांव में रविवार दोपहर एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची रनिया पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामदीन पुरवा निवासी समर सिंह (35) पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने अपने बरामदे में बने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। मृतक की पत्नी नीलम ने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए सुबह समर ने खाना बनाया था। खाना खाने के बाद वह कमरे में थे। दोपहर में जब समर का फोन काफी देर तक बजता रहा और उन्होंने नहीं उठाया, तो पत्नी ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर समर का शव पंखे से लटका हुआ था। घटना के बाद तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई। मृतक अपने पीछे पत्नी नीलम और तीन मासूम बच्चों—श्रेयांश (9), निधि (7) व देवांश (6) को छोड़ गए हैं। परिवार इस घटना से सदमे में है। रनिया थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *