चंदौली में ओवरलोड ट्रैक्टरों से बढ़ा दुर्घटना का खतरा:खनन और परिवहन नियमों की अनदेखी, प्रशासन करेगा कार्रवाई


चन्दौली में ओवरलोड भस्सी से लदे ट्रैक्टरों का संचालन किया जा रहा है। विशेषकर मुगलसराय औद्योगिक नगर और अलीनगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले मार्गों तथा नेशनल हाईवे से जुड़े संपर्क रास्तों पर इनकी आवाजाही लगातार देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, वहीं खनन एवं परिवहन नियमों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, पत्थर की गिट्टी और भस्सी से लदे ये ट्रैक्टर मिर्जापुर सीमा से जनपद में प्रवेश करते हैं। मुख्य चेकिंग से बचने के लिए ये वाहन गांवों के संपर्क मार्गों का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। चर्चा यह भी है कि कुछ बाइक सवार कथित तौर पर आगे-आगे चलकर अधिकारियों की गतिविधियों की सूचना ट्रैक्टर चालकों तक पहुंचाते हैं। सूत्रों का दावा है कि कई बार बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों का उपयोग लोकेशन देने के लिए किया जाता है। जानकारों का कहना है कि पूर्व में भी ऐसे कथित लोकेटरों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। यदि इस तरह की गतिविधियां दोबारा सामने आ रही हैं, तो संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर इसकी जांच करनी चाहिए।
ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं और आम राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड ट्रैक्टरों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके। लोगों का कहना है कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन, खनन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाना चाहिए। इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन अभिषेक सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टरों की जांच कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कथित लोकेटरों की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *