![]()
मुजफ्फरनगर में जहां एक ओर श्रावण मास की कांवड़ यात्रा निकलने वाली है, वहीं 4 अगस्त को प्रस्तावित शिया समुदाय के चेहल्लुम जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों प्रमुख धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण शनिवार शाम करीब पांच बजे अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सिद्धार्थ के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर तथा पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने चेहल्लुम के प्रस्तावित जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयोजकों के साथ बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिया समुदाय के जिम्मेदार लोगों और जुलूस आयोजकों के साथ बैठक भी की। बैठक में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप मातमी जुलूस निकालने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। काली नदी के जलस्तर पर भी विशेष नजर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि चेहल्लुम के मातमी जुलूस को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर पालिका को जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए काली नदी के जलस्तर पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, रस्सियां, लाइफ सेविंग उपकरण और अन्य राहत-बचाव संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। दो बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम प्रशासन का कहना है कि जनपद में इस समय कांवड़ यात्रा भी जारी है। ऐसे में दोनों धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है। पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा और चेहल्लुम दोनों ही शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
Source link
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के बीच चेहल्लुम पर हाई अलर्ट:ASP-सिटी मजिस्ट्रेट ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण, 4 अगस्त को निकलेगा शिया समुदाय का मातमी जुलूस