लखनऊ3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ के गोसाईंगंज में ग्राम प्रधान के पति ने 18 लोगों के साथ मिलकर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसके भाई और पत्नी पर भी धारदार हथियार से हमला किया, लेकिन वे दोनों बच गए। मारे गए युवक के दो नाबालिग बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर टिकनियामऊ का है।
टिकनिया की ग्राम प्रधान इरम के पति मोहम्मद हसीब के साथ राम सुचित, चंद्रिका प्रसाद, सुमित, अमित, ललित, अवधेश, हरेश, अशोक, अभिषेक, उमित, नननान, कमलू, उदल, फैजान, शिवा और दो अज्ञात व्यक्ति 31 जुलाई की रात 8 बजे गांव के ही आजाद (मृतक युवक) के घर रॉड, धारदार हथियार, लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए।
आजाद की पत्नी अंजू के अनुसार, घर की जलनिकासी बंद होने के चलते नाले की सफाई कराने के लिए ग्राम प्रधान के पति से शिकायत की गई थी। उन्होंने पहले वहां से भगा दिया, फिर कुछ देर बाद अपने समर्थकों को लेकर घर पर हमला कर दिया। इसमें पत्नी अंजू, भाई रोहित और नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 तस्वीरें देखिए-

घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना पर सीएचसी में भीड़ जुट गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
लोहे के रॉड, बांका और लाठी-डंडे लेकर घुसे
मृतक आजाद की पत्नी अंजू ने पुलिस को तहरीर देकर ग्राम प्रधान पति मोहम्मद हसीब समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजू का आरोप है कि नाले की सफाई की शिकायत से नाराज होकर आरोपितों ने उनके घर में घुसकर उनके पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी जानलेवा हमला किया।
अंजू ने बताया कि घर का पानी नहीं निकल रहा था। नाले की सफाई कराने की शिकायत करने पर ग्राम प्रधान पति मोहम्मद हसीब अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार रात करीब 8 बजे उनके घर पहुंचे। सभी आरोपी लोहे के रॉड, धारदार हथियार (बांका) और लाठी-डंडों से लैस थे।
आरोपियों ने घर में घुसते ही उनके पति आजाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अंजू के मुताबिक, जब उन्होंने पति को बचाने का प्रयास किया तो उनके ऊपर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मारपीट में मृतक की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वह बच्चों से कह रही थीं- अब पापा कभी नहीं आएंगे।
‘पूरे परिवार की हत्या करना चाहते थे हमलावर’
अंजू का आरोप है कि हमलावरों ने बेटे प्रदीप और देवर सरजू पर भी हमला किया। हमलावरों ने कहा कि इन सबको खत्म कर दो। बेटा और देवर गंभीर रूप से घायल हैं। शोर-शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
अंजू ने ग्राम प्रधान पति मोहम्मद हसीब और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने की शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 16 नामजद और 2 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की बहन मालती भी सीएचसी पहुंचीं। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पहले ही थाने में शिकायत दी थी
मृतक के भाई रंजीत ने आरोप लगाया कि प्रधान पति हम लोगों की तरफ नाले की सफाई नहीं करवाते थे। हम लोगों ने आज शाम करीब 4 बजे थाने पर शिकायत दी थी। प्रधान पति ने हम लोगों को मार डालने की धमकी दी थी। शाम को हमला करके भाई को मार डाला।
रंजीत ने बताया कि भाई गांव में एक चक्की पर मजदूरी करते थे। उनके सलोनी और विशाल दो बच्चे हैं।

मृतक के भाई रंजीत ने बताया कि हम लोगों ने पुलिस से पहले ही शिकायत की थी।
पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया
पुलिस ने नामजद आरोपियों सुमित, अभिषेक, राम सुचित और अमित को हिरासत में ले लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में अंजू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक ने बताया-
नाले के विवाद में आपस में दो पक्षों में मारपीट हुई। एक पक्ष से एक युवक की मौत हो गई है। दोनों पक्ष से 5 लोग घायल हैं। शुरुआती जांच में 4 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

——————
यह खबर भी पढ़िए…
लखनऊ में दरोगा की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत:भाई बोला- शराब पीकर पीटता था, जहर देकर मार डाला

लखनऊ के पारा इलाके में एक दरोगा की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसके भाई ने पति, सास, देवर और देवरानी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इसकी पुलिस से शिकायत की है। घटना भक्तामऊ, बुद्धेश्वर चौराहा की है। मृतका विनीता (35) यहां पति अवनीश कुमार और बेटे कार्तिक के साथ किराए पर रहती थी। पूरी खबर पढ़ें
