![]()
मेरठ कंकरखेड़ा के चर्चित शूटआउट मामले में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही अनुष्का की आज सिर की सर्जरी हो सकती है। चिकित्सकों को सीटी स्कैन में सिर के पिछले हिस्से में क्लॉट जैसा कुछ दिखा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह खून का थक्का है या गोली फंसी हुई है। डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन के दौरान इसकी स्थिति स्पष्ट करेगी। राहत की बात यह है कि अनुष्का को होश आ गया है और उसने चिकित्सकों के कुछ सवालों के जवाब इशारों में दिए हैं। हालांकि संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को देखते हुए परिजन को उससे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। बुधवार शाम हुए इस सनसनीखेज घटनाक्रम में कंकरखेड़ा के शिवलोकपुरी निवासी आदित्य प्रधान ने न्यू गोविंदपुरी निवासी अनुष्का को पहले तीन गोलियां मारीं और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पेट में लगी दो गोलियां चिकित्सकों ने रात में ही ऑपरेशन कर निकाल दी थीं, जबकि सिर में लगी गोली को लेकर हालत सीरियस होने के कारण तत्काल सर्जरी नहीं की गई थी। इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर दर्दनाक अंत
पुलिस जांच के अनुसार, आदित्य और अनुष्का की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर मुलाकातों का सिलसिला भी चलने लगा। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे अनुष्का ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान आदित्य ने बाइक से उसका पीछा किया और रास्ते में रोककर बात करने की कोशिश की। दरअसल, आदित्य पिछले महीने से जेल से आया था। जेल में जाने के बाद से अनुष्का उससे दूरी बना चुकी थी। बातचीत के बहाने बुलाकर शूट किया
शुरुआत में अनुष्का ने बात करने से मना कर दिया, लेकिन आदित्य के रिक्वेस्ट करने पर वह मान गई। दोनों डिफेंस एन्क्लेव स्थित जोनल पार्क के पास पहुंचे, जहां आर्यन नाम के युवक को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते आदित्य ने कंट्रीमेड पिस्टल निकालकर अनुष्का पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। एक गोली उसके सिर में और दो गोलियां पेट में लगीं। वारदात के तुरंत बाद आदित्य ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अनुष्का का रात में हुआ पहला ऑपरेशन
कंकरखेड़ा पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अनुष्का को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हाईवे-58 स्थित सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात में चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन कर पेट में फंसी दोनों गोलियां निकाल दीं। लेकिन सिर की चोट सीरियस होने के कारण सीटी स्कैन कराया गया। इसमें पीछे की ओर क्लॉट जैसी चीज दिखाई दी। डॉक्टर अभी तक यह तय नहीं कर सके हैं कि वह खून का थक्का है या गोली। मेरठ ही कराएंगे अनुष्का का ऑपरेशन
अनुष्का के परिजन इस दुविधा में थे कि उसे एम्स दिल्ली ले जाए या मेरठ में ही ऑपरेशन कराया जाए। शुक्रवार को चिकित्सकों के साथ लंबी चर्चा के बाद परिवार ने मेरठ में ही सर्जरी कराने का निर्णय लिया। पुलिस की मानें तो चिकित्सकों ने राहत वाली जानकारी दी है। उनके अनुसार गोली सिर के पिछले हिस्से में होने के कारण अभी तक मस्तिष्क को गंभीर नुकसान के संकेत नहीं मिले हैं। शनिवार को विशेषज्ञ टीम सर्जरी करेगी। होश में अनुष्का, इशारों में दिए जवाब
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अनुष्का को होश आ चुका है। उसने चिकित्सकों के कुछ सवालों के जवाब इशारों में दिए हैं। इससे साफ है कि उसका ब्रेन काम कर रहा है लेकिन उसकी हालत को देखते हुए अभी किसी को मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। अवैध हथियार की सप्लाई पर पुलिस का फोकस
अनुष्का की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब उस नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जहां से आदित्य ने अवैध हथियार हासिल किया था। जांच में अब तक शावेज उर्फ शेरा का नाम सामने आया है। पुलिस को शेरा के सलमान गैंग से संबंधों की भी जानकारी मिली है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सलमान से पूछताछ की है। उसने शेरा से दोस्ती स्वीकार की है, लेकिन आदित्य को जानने या हथियार उपलब्ध कराने से इनकार किया है। आदित्य के परिवार ने भी दी तहरीर
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता अनुष्का का उपचार है। परिवार ने मेरठ में ही ऑपरेशन कराने का फैसला लिया है। वहीं आदित्य के परिवार की ओर से भी एक तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और अवैध हथियार उपलब्ध कराने वालों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
Source link
सिर में ब्लड क्लॉट या बुलेट, सर्जरी से चलेगा पता:आज हो सकती है सर्जरी, अनुष्का के सिर में है सूजन, इशारे से की बात