सरयू नदी का पानी तेजी से घटा, VIDEO:मऊ में तटीय गांवों में कटान की आशंका


सरयू नदी का जलस्तर शनिवार देर रात से तेजी से घटने लगा है। जलस्तर में कमी के साथ ही बाढ़ प्रभावित तटीय गांवों और नईबाजार के सरहरा पूरवे से लेकर दोहरीघाट कस्बे के खाकी बाबा कुटी तक अब कटान का खतरा बढ़ गया है। मधुबन तहसील क्षेत्र के देवरांचल में अभी भी आधा दर्जन गांवों के पास बाढ़ का पानी भरा हुआ है। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कुछ जगहों पर बाढ़ का पानी उतरने के बाद गांवों और मुख्य रास्तों पर कीचड़ फैल गया है। इससे ग्रामीणों को गांव तक आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। हालांकि, अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। बाढ़ के कारण घर छोड़ चुके लोग अब वापस लौटने लगे हैं। दोहरीघाट कस्बे के गौरीशंकर घाट पर लगे मीटर गेज के अनुसार, शनिवार शाम चार बजे जलस्तर 70.35 मीटर था। यह रविवार सुबह आठ बजे घटकर 70.22 मीटर और दोपहर में 70.15 मीटर पर पहुंच गया। शाम चार बजे तक यह 25 सेंटीमीटर और घटकर 70.10 मीटर पर आ गया। इस समय नदी का जलस्तर खतरा बिंदु 69.90 मीटर से 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है, जबकि ऊपरी इलाकों में पानी फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है। जलस्तर कम होने से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे गांवों से नदी की ओर उतरने लगा है। पानी हटने के बाद रास्तों और गांवों में जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को ज्यादा परेशानी हो रही है। चिउंटीडांड़, रामनगर, सरहरा, परमहंस बाबा कुटी, धनौली रामपुर, मुक्तिधाम, गौरीशंकर घाट और खाकी बाबा कुटी सहित अन्य क्षेत्रों में पानी घटने के साथ कटान की आशंका बढ़ गई है। दोहरीघाट कस्बे के संवेदनशील स्थानों पर संभावित कटान को देखते हुए सिंचाई विभाग मऊ के कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जरूरत के हिसाब से मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। अवर अभियंता प्रिंस कुमार ने बताया कि नदी का पानी घट रहा है। संवेदनशील स्थानों पर किसी तरह की समस्या की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल कहीं कोई बड़ी समस्या नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *