ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:बदायूं में शेखूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी


बदायूं में गुरुवार रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रात करीब 8 बजे हुई। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। शेखूपुर निवासी निसरत (40) पुत्र मुस्ताक हुसैन गुरुवार रात लगभग 8 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गए। कासगंज से बरेली की ओर जा रही एक ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। निसरत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि निसरत की दो शादियां हुई थीं और उनका एक बेटा है। इस आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *