![]()
सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में रविवार शाम 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भगवानपुर माफ़ी निवासी साहिल (18) पुत्र तबस्सुम साइकिल से अपने गांव से मुख्य सड़क की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव के पास सीतापुर-बिसवां मार्ग पर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पीछे पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची बिसवां पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। परिजनों ने वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Source link
सीतापुर में साइकिल सवार को वाहन ने रौंदा:हादसे में 18 साल के युवक की मौत, आरोपी ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार