स्कूटी पार्किंग के विवाद में बाप-बेटे पर जानलेवा हमला:लखनऊ में मारपीट में लगी गंभीर चोट, दो बेटे समेत पड़ोसी गिरफ्तार


लखनऊ के चौक इलाके में स्कूटी पार्क करने के विवाद में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, डंडे और खून से सना गमछा भी बरामद किया है। थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय ने बताया कि राजाबाजार बेगमगंज निवासी मंजू यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात स्कूटी पार्क करने को लेकर मंजू के पति विनोद यादव का पड़ोसी पप्पू यादव से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। झगड़े की आवाज सुनकर पप्पू के भाई सागर और आनंद भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर विनोद यादव पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे विनोद के बेटे की भी आरोपियों ने पिटाई कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विनोद यादव को परिजन ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडे और खून से सना गमछा बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *