कांवड़ यात्रा के लिए शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री:कानपुर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया नया डायवर्जन प्लान, ड्रोन से होगी निगरानी


कानपुर में सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर में 1 अगस्त से 28 अगस्त तक अलग-अलग चरणों में भारी वाहनों के यातायात का डायवर्जन किया गया है। इस दौरान इटावा, हमीरपुर और झांसी की ओर से आने वाले ट्रकों समेत अन्य भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जाएगी। डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। चार चरणों में भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पहला डायवर्जन 1 अगस्त की रात 8 बजे से 3 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगा। इसके बाद 8 से 10 अगस्त, 15 से 17 अगस्त और अंतिम चरण में 22 से 28 अगस्त तक भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा। इटावा, हमीरपुर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग डायवर्जन योजना के तहत इटावा और औरैया की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और गोरखपुर जाना है, उन्हें रामादेवी चौराहे से चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज-बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें सजेती, घाटमपुर, नौबस्ता से उन्नाव, लखनऊ की तरफ जाना है। उन्हें अनुपुर मोड़, परास मोड़, जहानाबाद, चौडगरा और फतेहपुर लालगंज बछरावां (रायबरेली) होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होकर पहुंचेंगे। झांसी और कानपुर में वाहनों का डायवर्जन वहीं झांसी, कालपी, भोगनीपुर और मूसानगर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें नौबस्ता से उन्नाव या लखनऊ जाना है। वह घाटमपुर चौराहे से सीधे चौडगरा, फतेहपुर और रायबरेली से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होकर जा सकेंगे। इसके अलावा कानपुर नगर के शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र से उन्नाव की ओर जाने वाले भारी वाहनों को परियर पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन अरौल से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जरिए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे रूट पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *