![]()
कानपुर के पांडु नगर स्थित एक रेस्ट्रो में लघु उद्योग भारती की महिला इकाई द्वारा महिला उद्यमियों के लिए एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। महिला इकाई की अध्यक्ष प्रेरणा वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एमएसएमई (MSME) के संयुक्त आयुक्त अमित बाजपेयी ने महिला उद्यमियों को केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और सब्सिडी के बारे में विस्तार से बताया। इस बैठक में 17 महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में महिलाओं को व्यापार बढ़ाने, लोन पाने और फंसे हुए पैसे निकालने की आसान तरकीबें बताई गईं। 30 महिलाएं मिलकर बना सकती हैं क्लस्टर, मिलेगी 85% छूट बैठक में महिला क्लस्टर विकास योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि कम से कम 30 महिला उद्यमी मिलकर अपना क्लस्टर बना सकती हैं। इसमें कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर खोलने के लिए केंद्र सरकार 70 प्रतिशत और राज्य सरकार 15 प्रतिशत अनुदान देगी, जबकि महिलाओं को सिर्फ 15 प्रतिशत अंशदान करना होगा। इसके अलावा युवा उद्यमियों के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान’ के तहत 21 से 40 वर्ष की उम्र के युवाओं को 5 लाख तक का ब्याज मुक्त और बिना गारंटी लोन देने का प्रावधान है। पहला लोन चुकाने पर 10 लाख का दूसरा लोन मिल सकेगा। 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन और 35% सब्सिडी महिला उद्यमियों को पीएमईजीपी (PMEGP) योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 25 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 35 प्रतिशत तक सब्सिडी का फायदा मिलेगा। वहीं CGTMSE योजना के जरिए बिना किसी कोलेटरल (गारंटी) के 10 करोड़ रुपये तक का बैंक लोन लिया जा सकता है। वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने के लिए पात्र MSME इकाइयों की कैश क्रेडिट (CC) लिमिट में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का विकल्प भी दिया गया है। फंसा हुआ पैसा निकालेगा ODR टूल, नीलामी से मिलेंगे भूखंड व्यापार में अटके हुए पैसे की रिकवरी के लिए एमएसएमई के ODR (ऑनलाइन विवाद समाधान) टूल की जानकारी दी गई, जिससे देश और विदेश के व्यापारियों से बकाया राशि आसानी से वसूली जा सकती है। साथ ही बताया गया कि निरस्त पड़े औद्योगिक भूखंडों को जिला उद्योग केंद्र (DIC) बिडिंग प्रक्रिया के जरिए फिर से आवंटित कर रहा है। बैठक में जूही मांगलिक, रीता मेहरा, दीप्ति दुबे और डॉ. रोनल कुमार समेत कई प्रमुख महिलाएं मौजूद रहीं।
Source link
बिना गारंटी 10 करोड़ तक का लोन और 35% सब्सिडी:महिला उद्यमियों को मिली MSME स्कीमों की जानकारी; 30 महिलाएं बना सकती हैं क्लस्टर