![]()
श्रावस्ती के इकौना स्थित जगतजीत इंटर कॉलेज में पानी पीने को लेकर छात्रों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि कक्षा 11 के एक छात्र ने कक्षा 8 के 15 वर्षीय छात्र की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 27 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे की है। इकौना थाना क्षेत्र के चौबे जोत निवासी राम लखन का 15 वर्षीय पुत्र सूरज कश्यप, जो कक्षा 8 का छात्र है, विद्यालय में पानी पीने के दौरान कक्षा 11 के छात्र मनीष कुमार से विवाद हो गया। परिजनों के अनुसार, कहासुनी बढ़ने पर मनीष ने गाली-गलौज करते हुए कथित तौर पर सूरज की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल सूरज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल ले गए। पीड़ित छात्र के पिता राम लखन की तहरीर पर इकौना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी छात्र मनीष कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश यादव को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पानी पीने के विवाद में किशोर पर चाकू से हमला:श्रावस्ती में गंभीर घायल, आरोपी 11वीं के छात्र पर हत्या के प्रयास में FIR