![]()
उन्नाव में पशुपालन विभाग के पैरावेट और पशुमित्रों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को सौंपते हुए नियमित मासिक मानदेय, लंबित भुगतान और सामाजिक सुरक्षा संबंधी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर विभागीय कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार साहू के नेतृत्व में पैरावेट और पशुमित्र कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वर्षों से पशुपालन विभाग के अंतर्गत पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के बावजूद उन्हें नियमित मानदेय और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। विषम परिस्थितियों में भी निभा रहे जिम्मेदारी ज्ञापन में कहा गया कि पैरावेट और पशुमित्र भीषण गर्मी, बारिश और सर्दी जैसी कठिन परिस्थितियों में भी पशुपालकों और पशुधन की सेवा कर रहे हैं। उनके कार्यों में पशु चिकित्सा अधिकारियों के निर्देशन में प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशुगणना और गौ आश्रय स्थलों पर विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन शामिल है। नियमित मानदेय और बकाया भुगतान की मांग प्रतिनिधिमंडल ने सभी पैरावेट और पशुमित्रों के लिए नियमित मासिक मानदेय लागू करने की मांग की। इसके साथ ही 21वीं पशुगणना, एफएमडीसीपी (फुट एंड माउथ डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम) के सातवें चरण तथा कृत्रिम गर्भाधान की प्रोत्साहन राशि का लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा सभी पैरावेट और पशुमित्रों को दुर्घटना बीमा योजना से जोड़ने तथा मल्टी टास्किंग वर्कर की भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा कार्य बहिष्कार जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार साहू ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सभी पैरावेट और पशुमित्र एफएमडीसीपी टीकाकरण अभियान सहित विभाग के अन्य कार्यों का शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार मांगें पूरी करती है तो कर्मचारी पहले की तरह पूरी निष्ठा से पशुपालकों और पशुधन की सेवा करते रहेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन स्तर पर भेजे जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पैरावेट और पशुमित्र मौजूद रहे।
Source link
उन्नाव में पैरावेट-पशुमित्रों का प्रदर्शन:मानदेय और बकाया भुगतान की मांग, सीएम के नाम ज्ञापन, कार्य बहिष्कार की चेतावनी