गोहत्या पर केंद्रीय कानून की मांग:सिद्धार्थनगर में विश्व हिंदू परिषद ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा


सिद्धार्थनगर में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप), बजरंग दल और गो सम्मान आह्वान अभियान से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने गोहत्या पर पूरे देश में एक समान केंद्रीय कानून लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने दावा किया कि सिद्धार्थनगर से लगभग तीन लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला प्रार्थना-पत्र भेजा गया है। वहीं, देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सरकार को भेजा। दोपहर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निर्धारित स्थान पर एकत्र हुए, जहां गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद, कार्यकर्ता झंडे, बैनर और अभियान के संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर प्रार्थना यात्रा के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शन के दौरान गोसंरक्षण से जुड़े नारे लगाए गए। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्र सरकार से गोहत्या पर पूरे देश में लागू होने वाला केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना करने और गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने जैसी 30 से अधिक मांगें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय गो-चारा नीति लागू करने तथा कृषि, पर्यावरण, चिकित्सा, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी नीतियों में गो-आधारित व्यवस्था को शामिल करने की भी मांग की गई है। अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ पिछले छह माह से देशभर में चलाया जा रहा है। पहले चरण में, 27 अप्रैल को देश की करीब 5 हजार तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सरकार को सौंपा गया था। चूंकि इन मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है, इसलिए दूसरे चरण में सोमवार को देश के सभी जिलों से फिर से हस्ताक्षर अभियान चलाकर अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र भेजे गए हैं। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गोमाता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण आधार है। उनका कहना था कि यदि सरकार मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो अभियान आगे भी चरणबद्ध और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। विहिप जिलाध्यक्ष ब्रजेश पाण्डेय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान जिला मंत्री शिवाजी, उपाध्यक्ष संतोष गुप्त, विभाग संयोजक अजय प्रताप, धर्म प्रसार प्रमुख आशीष सिंह, सुरक्षा प्रमुख अजय सिंह, बजरंग दल के प्रेमचंद, श्याम सुंदर (सुमेर), शारदा प्रसाद, राजा मिश्र, राहुल अग्रहरि, शिवम कश्यप, आभास सिंह, हरिश्चंद्र, अरुण मिश्र, कैलाशपति त्रिपाठी, अर्जुन मधेसिया, बृजेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, संत-महात्मा, किसान, व्यापारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *